* मादक द्रव्य पदार्थ में जहरीला खाद्य पदार्थ मिलाकर हत्या करने का आरोप
* कोंडागांव पुलिस के विशेष सहयोग एवं समन्वय से कथित आरोपी गिरफ्तार
कोरबा (मंथन) “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत गंभीर एवं लंबित अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में लगभग दो वर्ष से हत्या के मामले में फरार कथित आरोपी को कोंडागांव पुलिस के विशेष सहयोग एवं समन्वय से कोंडागांव से गिरफ्तार कर कोरबा लाया गया। उसको माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
* शादी समारोह में हत्या की साजिश रचने का आरोप
जानकारी के अनुसार थाना उरगा में दर्ज अपराध क्रमांक 248/2024 के अंतर्गत विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि 16 फरवरी 2024 को एक शादी समारोह के दौरान मृतक को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत मादक द्रव्य पदार्थ में जहरीला खाद्य पदार्थ मिलाकर पिला देने का आरोप हैं।
विवेचना में ज्ञात हुआ कि मृतक एवं मुख्य आरोपी के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पहले मृतक को अत्यधिक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कराया गया, फिर मादक द्रव्य पदार्थ में जहरीला खाद्य पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। कुछ समय बाद मृतक की तबीयत बिगड़ने लगी और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम एवं एफएसएल रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ की पुष्टि होने पर प्रकरण में हत्या एवं आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत कार्यवाही की गई।
* तकनीकी साक्ष्यों एवं अंतर-जिला समन्वय से मिली सफलता
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल रहा था। थाना उरगा पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। विश्वसनीय सूचना प्राप्त होने पर कोंडागांव पुलिस के विशेष सहयोग से संयुक्त कार्यवाही करते हुए उसको कोंडागांव से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पश्चात उसको माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
01 अगस्त / मंथन मित्तल



