कोरबा (मंथन) कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्दार्थ तिवारी द्वारा जिले में संचालित सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क & सिस्टम्स) कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों, लंबित प्रकरणों तथा विभिन्न मॉड्यूलों में डाटा एंट्री की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उक्त समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्दार्थ तिवारी द्वारा सभी थाना से जुड़े सीसीटीएनएस कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सीसीटीएनएस में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक प्रविष्टि पूर्णतः सही, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध हो। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री से न केवल अनुसंधान कार्य अधिक प्रभावी होता है, बल्कि न्यायालयीन प्रक्रिया एवं अपराध संबंधी अभिलेखों की विश्वसनीयता भी सुनिश्चित होती है।
उक्त बैठक में विशेष रूप से फॉर्म एंट्री, मेडलैपर, वीसीएनबी, ई-साक्ष्य, अंतिम प्रतिवेदन, मालखाना एंट्री, ई -साईन एफआईआर/चार्जशीट, सहित अन्य आवश्यक मॉड्यूलों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि प्रत्येक डाटा एंट्री में प्रार्थी, आरोपी एवं पीड़ित का नाम, पिता/पति का नाम, मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन कर ही प्रविष्टि की जाए। किसी भी प्रकार की त्रुटिपूर्ण अथवा अपूर्ण जानकारी भविष्य में तकनीकी एवं न्यायिक कठिनाइयों का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक प्रविष्टि की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस के लंबित कार्यों की नियमित निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान सीसीटीएनएस कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, समयबद्ध डाटा एंट्री, लंबित कार्यों के प्रभावी निराकरण एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन करने वाले सीसीटीएनएस कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा तथा जिले में सीसीटीएनएस कार्यों की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सीसीटीएनएस के प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।
01 अगस्त / मंथन मित्तल



