* ऐतिहासिक धरोहरों से हुए रूबरू
कोरबा (मंथन) छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम) बांकीमोंगरा, जिला कोरबा के छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी रतनपुर (जिला बिलासपुर) का शैक्षणिक भ्रमण किया। कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह भ्रमण ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं सफल रहा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रतनपुर स्थित प्रसिद्ध माँ महामाया मंदिर सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का अवलोकन किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को रतनपुर के गौरवशाली इतिहास, कलचुरी शासनकाल की विरासत तथा यहां की अद्वितीय स्थापत्य कला के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इससे विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों में पढ़े गए विषयों को प्रत्यक्ष रूप से समझने और स्थानीय इतिहास से जुड़ने का अवसर मिला। यह शैक्षणिक भ्रमण पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। दोनों माध्यमों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता ने आपसी समन्वय, सहयोग, अनुशासन तथा सांस्कृतिक एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
विद्यालय के प्राचार्य एस. डिंडोरे ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करते हैं, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है।
प्राचार्य एस. डिंडोरे के मार्गदर्शन तथा पीएम श्री प्रभारी एस.एस. पैकरा एवं बी.के. शर्मा के उत्कृष्ट प्रबंधन और सतत निगरानी के कारण पूरी यात्रा सुरक्षित, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण से प्राप्त अनुभवों को अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
25 जून / मंथन मित्तल



