* ग्रामीणों ने कलेक्टर से की कार्यवाही की मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल अंतर्गत दादर खुर्द क्षेत्र में शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जे कर बिक्री करने का आरोप अनवरत लगाना जारी है, बताया जा रहा हैं की कई बार शासन ने यहां अवैध कब्जे को खाली कराया लेकिन अवैध कब्जे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं एक बार फिर ग्राम दादरखुर्द के ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शासकीय भूमि को भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों से बचाने की मांग की गयी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम दादरखुर्द, पटवारी हल्का नंबर 21, राजस्व निरीक्षक मंडल दादरखुर्द, तहसील एवं जिला कोरबा स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 1675 तथा उससे लगी अन्य शासकीय जमीनों पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार संबंधित भूमि पर जेसीबी मशीन से खुदाई कर पक्का गेट बनाया जा रहा है तथा कुछ हिस्सों में मकान और बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्य बिना किसी वैध अनुमति के किया जा रहा है, जिससे शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना हैं की लगभग 1.35 एकड़ शासकीय भूमि ग्राम के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों ने मांग की है कि राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन करें और उसे अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित करें। उनका कहना है कि इस भूमि का उपयोग भविष्य में स्कूल, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन, बाजार, वृद्धाश्रम अथवा गार्डन जैसी जनहित की सुविधाओं के निर्माण के लिए किया जा सकता है।
24 जून / मंथन मित्तल



