कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के युवाओं के लिए करियर निर्माण का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। केंद्र सरकार की महत्त्वाकांक्षी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत अब स्थानीय युवाओं को देश की दिग्गज कंपनियों और प्रतिष्ठित संस्थानों में काम सीखने का मौका मिलेगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किताबी ज्ञान और व्यावहारिक कार्य अनुभव के बीच के अंतर को कम करना है। चयनित युवाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए प्रति माह लगभग 9000 रूपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इंटर्नशिप की अवधि 6 से 9 माह तक होगी, जो युवाओं को कॉर्पोरेट जगत की बारीकियों से रूबरू कराएगी।
वास्तविक कार्य वातावरण में काम करने से युवाओं के आत्मविश्वास, व्यावसायिक दक्षता और कौशल में वृद्धि होगी। इच्छुक उम्मीदवार ‘माय भारत’ (MY Bharat) प्लेटफॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पोर्टल पर पंजीयन के बाद आवेदन की प्रक्रिया स्वतः प्रधानमंत्री इंटर्नशिप वेबसाइट से जुड़ जाएगी।
अक्सर डिग्री होने के बावजूद कार्य अनुभव की कमी के कारण युवाओं को अच्छी नौकरी मिलने में कठिनाई होती है। यह योजना विशेष रूप से उन छात्रों के लिए है जो अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद सीधे इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली को समझना चाहते हैं। इससे न केवल उनकी रोजगार योग्यता बढ़ेगी, बल्कि भविष्य के लिए बेहतर करियर के रास्ते भी खुलेंगे।
जिले के सभी पात्र युवा इस अवसर को न चूकें और समय रहते ‘माय भारत’ पोर्टल पर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें। अधिक जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय या आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है।
09 मई / मंथन मित्तल



