* आरसीआरएस टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के पोड़ीबहार क्षेत्र में विगत रात्रि लगभग 10:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विजय अग्रवाल नामक युवक के घर में अचानक एक नेवला घुस आया। घर के सदस्यों को कुछ समझ नहीं आया कि क्या करें, सभी लोग डर और घबराहट में थे। स्थिति को गंभीर देखते हुए विजय अग्रवाल ने तुरंत आरसीआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव को फोन कर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य नमन के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घर की जांच करने पर पाया गया कि नेवला कमरे में रखी अलमारी के नीचे छिपा हुआ था। टीम को देखते ही वह तेजी से इधर-उधर भागने लगा, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई।
हालांकि, आरसीआरएस टीम ने पूरी सूझबूझ और सावधानी के साथ काम करते हुए नेवले को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद घरवालों ने राहत की सांस ली और टीम का आभार व्यक्त किया। इसके बाद वन विभाग को सूचित कर नेवले को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
04 मई / मंथन मित्तल



