कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में यातायात पुलिस विभाग ने प्रवेश निषेध नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए रेलवे ओवर ब्रिज के पास प्रवेश निषेध क्षेत्र में घुसने वाले ट्रकों पर चालान किया। ट्रकों की लापरवाही के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कई ट्रक चालक प्रवेश निषेध नियम को नजरअंदाज कर प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश कर रहे थे। इससे रेलवे ओवर ब्रिज के आसपासयातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति बिगड़ने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्यवाही शुरू की। इस दौरान पुलिस ने प्रवेश निषेध नियम तोड़ने वाले ट्रक चालकों पर 2500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया। उक्त कार्यवाही एएसआई मनोज राठौर के नेतृत्व में की गई, जहां पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया। यातायात पुलिस ने साफ कहा है कि प्रवेश निषेध नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्यवाही जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि शहर में जाम और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
03 मई / मंथन मित्तल



