* लगभग 10 तोला सोने के जेवरात एवं नगदी चोरी करने वाले 02 मुख्य कथित आरोपी गिरफ्तार
* निशानदेही पर चोरी किए गए माल-मशरूका जब्त
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कटघोरा धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में कटघोरा पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी कड़ी में कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लगभग एक वर्ष पूर्व एक अधिवक्ता के घर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलता पूर्वक खुलासा करते हुए दो मुख्य कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य कथित संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता के सूने मकान में अज्ञात आरोपियों द्वारा ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। उनके द्वारा घर में रखे लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, दो जोड़ी झुमके, दो नग चांदी की पायल सहित लगभग ₹50,000 नगद रकम चोरी कर ली गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा लगातार तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जांच की जा रही थी। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि घटना में संलिप्त कथित आरोपी कटघोरा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए रानी हार सेट (एक नग), झुमका, फैंसी चेन, पायल (दो नग), नकदी (लगभग 3000 रुपये) एवं घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया हैं। प्रकरण में गिरफ्तार दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है तथा मामले में शामिल अन्य फरार की तलाश लगातार जारी है।
01 मई / मंथन मित्तल



