* फायर सर्विस सप्ताह में जागरूकता, प्रशिक्षण और तकनीकी सुदृढ़ता का दिखा अनूठा संगम
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में स्थापित और संचालित वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा ‘सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज’ थीम के तहत आयोजित राष्ट्रीय फायर सर्विस सप्ताह ने इस वर्ष एक व्यापक जनजागरूकता अभियान का रूप ले लिया। इस आयोजन का उद्देश्य केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर समाज के हर वर्ग को अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग और सक्षम बनाना रहा।
इस सप्ताह भर चले जागरूकता अभियान में कर्मचारियों, व्यापारिक साझेदारों, स्कूली छात्रों और स्थानीय समुदाय के 1100 से अधिक लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विविध गतिविधियों के माध्यम से अग्नि सुरक्षा को व्यवहारिक और समझने योग्य बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान क्विज, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं ने बच्चों और युवाओं में सुरक्षा के प्रति उत्साह पैदा किया, वहीं लाइव फायर सेफ्टी डेमो और नुक्कड़ नाटकों ने वास्तविक परिस्थितियों में सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इन आयोजनों ने न केवल ज्ञान बढ़ाया, बल्कि लोगों को व्यवहारिक रूप से आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयार भी किया।
उक्त अभियान का समापन एक गरिमामय समारोह के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न विभागों के उन कर्मचारियों और टीमों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने प्लांट परिसर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। इस अवसर पर एनटीपीसी लिमिटेड और इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) जैसी प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति ने क्षेत्रीय स्तर पर सामूहिक सुरक्षा सहयोग की मजबूत भावना को दर्शाया।
इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सतत प्रशिक्षण, जागरूकता और मजबूत सुरक्षा प्रणालियों के विकास को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षित वातावरण निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
एनटीपीसी-कोरबा के सीआईएसएफ फायर विंग के सहायक कमांडेंट शिवेंद्र कुमार ने बालको की फायर सेफ्टी टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने हर आपात स्थिति में उत्कृष्ट दक्षता और संयम का परिचय दिया है। उन्होंने बालको द्वारा स्कूलों और समुदाय को प्रशिक्षण देने की पहल को दूरदर्शी नेतृत्व का उदाहरण बताया। बालको की फायर और सेफ्टी टीम ने बीते वित्तीय वर्ष में सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। टीम ने 200 से अधिक आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया दी, 5500 से अधिक लोगों को फायर एक्सटिंग्विशर उपयोग, सीपीआर और आपातकालीन तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया तथा 100 से अधिक मॉक ड्रिल्स का सफल आयोजन किया। इसके साथ ही, बालको अस्पताल में आधुनिक स्प्रिंकलर सिस्टम स्थापित किया गया और 400 से अधिक मल्टी-सेंसर व उन्नत फायर अलार्म सिस्टम लगाकर सुरक्षा ढांचे को और सुदृढ़ किया गया। त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स वाहन की भी खरीदारी की गई।
इन उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बालको के फायर विभाग को ग्रो केयर इंडिया द्वारा वित्तीय वर्ष 2026 के लिए मेटल एवं पावर डिवीजन में ‘फायर एंड सेफ्टी में उत्कृष्टता’ हेतु प्लेटिनम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बालको की उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, समर्पित टीमवर्क और आपातकालीन तैयारियों की प्रभावशीलता का प्रमाण है।
इस प्रकार, बालको का यह अभियान न केवल एक औद्योगिक पहल रहा, बल्कि समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।
25 अप्रैल / मंथन मित्तल



