* मृतकों की संख्या हुई 25
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के समीपवर्ती सक्ती जिला अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मरने वाले मजदूरों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अब हादसे में गंभीर रूप से झुलसे पश्चिम बंगाल के मजदूर विश्वजीत साहू की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के साथ यह आंकड़ा बढ़कर 25 पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से झुलसे पश्चिम बंगाल के रहने वाले विश्वजीत साहू को रायपुर के श्री शंकरा हॉस्पिटल में अंडर ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। बताया जा रहा हैं की उपचार के दौरान उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल को वेदांता पावर प्लांट अंतर्गत बायलर के फर्नेस में अत्यधिक ईधन जमा हो जाने से दबाव असामान्य रूप से बढ़ गया था। इसी दबाव के कारण बायलर का निचला पाइप अपनी जगह से हट गया और विस्फोट हो गया। हादसे में घायल मजदूरों को इलाज के लिए अलग-अलग चिकित्सालयो में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। वेदांता पावर प्लांट हादसे में पुलिस ने वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1), 289 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
24 अप्रैल / मंथन मित्तल



