* कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली पत्रकारवार्ता
* जनगणना की तैयारियों और प्रक्रिया पर दी विस्तृत जानकारी
* आम नागरिकों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
कोरबा (मंथन) कोरबा जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित विस्तृत पत्रकार वार्ता में जनगणना-2027 के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर व्यापक जानकारी साझा की गई। कलेक्टर श्री दुदावत ने इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को आधुनिक तकनीक से सशक्त, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बताते हुए इसे “विकास की आधारशिला” निरूपित किया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 को नवीन डिजिटल स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक कोई भी नागरिक स्वयं अपने मोबाइल या अन्य डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। यह पहल जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रक्रिया को सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के पश्चात 01 मई से 30 मई तक जिले में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक नागरिकों से संपर्क कर उनके द्वारा दर्ज की गई जानकारी का मिलान करेंगे, जिससे आंकड़ों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने जिले में जनगणना कार्य हेतु की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कोरबा जिले में कुल 24 चार्ज अधिकारी हैं, जिनके माध्यम से कार्य का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इनमें 12 तहसीलों में तहसीलदार, 5 नगरीय निकायों में 4 मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा 1 नगर निगम क्षेत्र में 7 जोन अधिकारियों को चार्ज अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि जिले में कुल 2073 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स (एच.एल.बी ) का गठन किया गया है, जिससे प्रत्येक क्षेत्र को सूक्ष्म स्तर पर कवर किया जा सके। इसके साथ ही 2384 प्रगणक एवं सुपरवाइजरों की नियुक्ति कर उनका प्रशिक्षण 24 अप्रैल 2026 तक पूर्ण किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा एंट्री की सटीकता, नागरिकों से संवाद कौशल एवं गोपनीयता के मानकों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। जिले में कुल तीन हजार मैनपावर जनगणना के लिए निर्धारित किए गए है।
कलेक्टर श्री दुदावत ने बताया कि इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिससे आंकड़ों के संग्रहण में गति एवं सटीकता दोनों सुनिश्चित होंगी। भारत सरकार के गृह मंत्रालय एवं जनगणना निदेशालय द्वारा विकसित आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से नागरिक आसानी से स्व-गणना कर सकते हैं। मोबाइल नंबर के माध्यम से सरल पंजीयन कर नागरिक आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूर्ण करने पर प्रत्येक नागरिक को एक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी। यह आईडी आगे सत्यापन प्रक्रिया में उपयोगी होगी, जब प्रगणक घर-घर पहुंचकर विवरण का मिलान करेंगे। इस व्यवस्था से समय की बचत के साथ-साथ प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता भी सुनिश्चित होगी।
कलेक्टर ने विशेष रूप से यह स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण एवं विकास योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाता है। नागरिकों की निजता एवं डेटा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन के लिए नीति-निर्माण, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण, आधारभूत संरचनाओं के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दृष्टि से प्रत्येक नागरिक की सहभागिता न केवल आवश्यक है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भी है।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले के सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्व-गणना के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। विभिन्न संचार माध्यमों एवं स्थानीय स्तर पर संवाद के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिले का प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़ सके और स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठा सके। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में मई 2026 के दौरान स्व-गणना एवं मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसंख्या संबंधी विस्तृत जानकारी संकलित की जाएगी। अंत में कलेक्टर श्री दुदावत ने कोरबा जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें, स्व-गणना की प्रक्रिया को अपनाएं और सटीक जानकारी प्रदान कर जिले एवं देश के समग्र विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों ने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए तथा कई सकारात्मक पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री दुदावत ने पत्रकारों के सभी संशयों का स्पष्ट एवं पूर्ण समाधान किया। साथ ही उन्होंने पत्रकारों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करते हुए जनसामान्य तक इस प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, अपर आयुक्त विनय मिश्रा एवं डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकारगण गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
22 अप्रैल / मंथन मित्तल



