कोरबा (मंथन) कोरबा शहर के ईसाई समुदाय ने रविवार को पाम संडे का पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। ईसाई धर्म में इस दिन का विशेष महत्व होता है, क्योंकि यह पर्व ईस्टर से ठीक पहले आने वाले रविवार को मनाया जाता है और प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम आगमन की स्मृति में आयोजित किया जाता है।
इस अवसर पर कोरबा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वमंगला नगर मार्ग से मिशन रोड स्थित चर्च तक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोग हाथों में खजूर की डालियां लिए प्रभु यीशु के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। वातावरण पूरी तरह भक्ति और आस्था से ओतप्रोत नजर आया। इसी तरह कोसाबाड़ी क्षेत्र में भी सुबह श्रद्धालुओं ने जुलूस निकालकर पाम संडे मनाया। यहां भी बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और प्रभु को स्मरण करते हुए प्रार्थना की। जुलूस के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं ने चर्च में विशेष प्रार्थना सभा में भाग लिया, जहां शांति, सुख और समृद्धि की कामना की गई।
पाम संडे के अवसर पर खजूर की पत्तियों का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु इन पत्तियों को अपने घरों में सुरक्षित रखते हैं, जिसे आशीर्वाद और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
30 मार्च / मंथन मित्तल



