* व्यापारियों के सामने संकट
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल में चोरों ने दुकानों से नकदी और अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया, बल्कि सिर्फ गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार उक्त घटना कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गढ़कलेवा चौपाटी में घटित हुई, इस वारदात ने व्यापारियों को चिंता में डाल दिया है, क्योंकि सिलेंडर चोरी होने से उनके रोजमर्रा के कामकाज पर सीधा असर पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, गढ़कलेवा चौपाटी स्थित मनोज फास्टफूड और जगदीश एगरोल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। अर्धरात्रि अज्ञात चोर दोनों दुकानों में घुसे और वहां रखे गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि दुकानों में रखे पैसे और अन्य सामान को चोरों ने छुआ तक नहीं, जिससे यह साफ हो रहा है कि उनका निशाना सिर्फ गैस सिलेंडर ही था।
व्यापारियों ने बताया कि उनके पास कामकाज के लिए केवल एक-एक सिलेंडर ही था, जिसे चोर उठा ले गए। ऐसे में अब उनके सामने दुकान बंद करने की नौबत आ गई है। बिना गैस सिलेंडर के फास्टफूड और एगरोल जैसे खाद्य व्यवसाय चलाना संभव नहीं है। दुकानदारों ने आगे बताया कि नए गैस सिलेंडर की व्यवस्था करना भी फिलहाल आसान नहीं है। एजेंसी में तुरंत सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। रोज कमाने-खाने वाले इन छोटे व्यापारियों के लिए यह चोरी बड़ा झटका साबित हुई है।
घटना के बाद चौपाटी में व्यापार करने वाले अन्य व्यापारियो में भी डर का माहौल है। उन्हें आशंका है कि अगर इसी तरह चोरी की घटनाएं होती रहीं, तो उनका व्यवसाय करना मुश्किल हो जाएगा। इस मामले में चौपाटी संघ के अध्यक्ष ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गढ़कलेवा चौपाटी में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। यहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं और न ही नगर निगम द्वारा कोई सिक्योरिटी गार्ड की नियुक्ति की गई है।
27 मार्च / मंथन मित्तल



