* दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने किया जा रहा प्रयास
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पाली-बांगो रोड पर ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। उक्त कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क पर निगरानी बढ़ाते हुए तेज गति से चलने वाले वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर चालानी कार्यवाही की। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश भी दी गई।
उक्त पूरी कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतीश ठाकुर तथा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
23 मार्च / मंथन मित्तल



