* सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार के घर को चोरों ने पुनः निशाना बनाया है। विडंबना यह है कि यह चोरी तब हुई जब पूरा परिवार बेटे की शादी के समारोह में शामिल होने बालको गया हुआ था।
* शादी की खुशियों के बीच वारदात की मिली जानकारी
बताया जा रहा हैं की गलेटबिन कुमार अपने बेटे की बारात लेकर बालको स्थित साईं मंगलम भवन गए थे। घर सूना पाकर चोरों ने धावा बोल दिया। सुबह जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला और संदिग्ध स्थिति में देखा, तब मामले का खुलासा हुआ। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोर घर से लगभग 20 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, कंप्यूटर, टीवी और मेहमानों का सामान चोरी कर ले गए हैं। कुल नुकसान का सटीक आंकलन परिवार के लौटने के बाद ही हो सकेगा।
* सबूत मिटाने के लिए डीवीआर ले गए चोर
पिछली चोरी से सबक लेते हुए पीड़ित ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, लेकिन शातिर चोरों ने इस बार कैमरों से छेड़छाड़ की और सबूत मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। इससे पुलिस के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
* तीन महीने में दूसरी बार बनाया घर को निशाना
जानकारी के अनुसार इसी घर में जनवरी माह में भी बड़ी चोरी हुई थी। उस वक्त चोरों ने करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया था। जनवरी की वारदात में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
08 अप्रैल / मंथन मित्तल



