कोरबा (मंथन) कोरबा जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ग्राम भुलसीडीह स्थित निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की कछुआ गति पर नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट किया कि आगामी शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले मुख्य भवन और सभी अनिवार्य सुविधाएँ तैयार हो जानी चाहिए।
कलेक्टर ने निर्माण स्थल पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। जिसके अंतर्गत ठेकेदार को तत्काल मैनपावर (मजदूरों की संख्या) बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि कार्य की गति को दोगुना किया जा सके। उन्होंने गर्ल्स एवं बॉयज़ हॉस्टल, रेसिडेंशियल ब्लॉक, बाउंड्रीवाल और ड्रेनेज सिस्टम के प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि निर्धारित समय-सीमा से पूर्व कार्य पूर्ण न होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नए सत्र में आने वाले छात्रों को किसी भी प्रकार की आधारभूत असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अभियंता और अधिकारी उपस्थित रहे।
13 अप्रैल / मंथन मित्तल



