कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में होली पर्व से पहले ही यातायात पुलिस विधाग ने यातायात नियमो का पालन कराने को लेकर अभियान चलाया। जिसके तहत सैकड़ों वाहनों पर सख्त कार्यवाही की गयी। जो लोग पकडे गए उन्हें अर्थदंड देना पड़ा। होलिका दहन की पूर्व संध्या को पुलिस ने टी.पी. नगर, पी.एच. रोड और निहारिका क्षेत्र में जांच-पड़ताल के साथ सख्त कार्यवाही की।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी की देखरेख में यह अभियान संचालित हुआ। यातायात पुलिस के इंस्पेक्टर और सहयोगी यहां-वहां आवागमन पर नजर रखे थे। होली की खरीदारी को लेकर सडक़ों पर दबाव ज्यादा नजर आया। सबसे ज्यादा दिक्कत बुलेट और स्पोर्ट्स बाइक में लगे मॉडिफाइड साइलेंसर से हुई। इनके कारण रास्ते पर चलने वाली दूसरी गाडिय़ों के चालक सहित राहगीर परेशान हुए।
पुलिस की टीम ने कुछ मामलों में इन्हे आसानी से पकड़ा तो कुछ चालकों को पीछा कर उनकी धरपकड़ की गयी। पुलिस के हत्थे चढऩे पर ऐसे चालकों ने अपने-अपने स्तर पर बताना चाहा कि गाड़ी का मॉडल ही ऐसा है, कंपनी ने लगाकर दिया है और हम लोग इसमें कुछ नहीं कर सकते। पुलिस ने समझाया कि वास्तविक चीज क्या होती है और आपकी ओर से जो कोशिश की गई है उससे हर कोई परेशान है।
ऐसे प्रकरणों में गाडिय़ों को जब्त करने की कार्यवाही की गई। इन्हें सीधे यातायात थाना भिजवाया गया। अगली कार्यवाही न्यायालय से होगी, वह भी अगले कार्यालयीन दिवस पर। उपर से चालकों को लंबी पेनाल्टी अदा करने के बाद ही गाड़ी प्राप्त होगी। सीएसपी ने बताया कि होलिका दहन से लेकर रंगोत्सव के बाद तक इस अभियान को कोरबा क्षेत्र में संचालित करना ही है। हमारी कोशिश है कि जो नियम बने हुए हैं उनका हर कोई पालन करे, और जो तोड़ेगा उनके साथ सख्ती होगी।
02 मार्च / मंथन मित्तल



