* नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू
* वीडीए बढ़ोतरी के बाद संशोधन
कोरबा (मंथन) कोल इंडिया लिमिटेड ने खनन कार्यों में लगे अपने ठेका श्रमिकों के वेतन में वृद्धि की है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 तक छह महीने के लिए प्रभावी रहेंगी। यह संशोधन परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (वीडीए) की दरों में बढ़ोतरी के बाद किया गया है।
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने 30 मार्च 2026 को सूचित किया था कि औद्योगिक श्रमिकों के लिए औसत मूल्य सूचकांक 31 दिसंबर 2025 के 413.52 से बढ़कर 424.80 हो गया है। इसी आधार पर संयुक्त समिति की 9 अगस्त 2023 की अनुशंसा के खंड 3 के तहत ठेका श्रमिकों की दैनिक मजदूरी संशोधित की गई है।
नई दरों के अनुसार, अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी अब 1320 रुपए होगी, जिसमें 1176 रुपए मूल वेतन और 144 रुपए वीडीए शामिल है। अर्ध-कुशल/अकुशल पर्यवेक्षी श्रेणी के लिए कुल दैनिक वेतन 1354 रुपए निर्धारित किया गया है, जिसमें 1206 रुपए मूल वेतन और 148 रुपए वीडीए है। कुशल श्रमिकों को अब प्रतिदिन 1387 रुपए मिलेंगे, जिसमें 1236 रुपए मूल वेतन और 151 रुपए वीडीए शामिल है। अत्यधिक कुशल श्रेणी के लिए कुल दैनिक वेतन 1421 रुपए होगा, जिसमें 1266 रुपए मूल वेतन और 155 रुपए वीडीए शामिल है।
कोल इंडिया लिमिटेड के एमएंडआईआर डिवीजन द्वारा यह कार्यालय आदेश 7 अप्रैल 2026 को जारी किया गया है। आदेश पर कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) गौतम बनर्जी के हस्ताक्षर हैं। आदेश की प्रतियां ईसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, डब्ल्यूसीएल, एसईसीएल, एनसीएल, एमसीएल, सीएमपीडीआई सहित सभी अनुषंगी कंपनियों के सीएमडी और निदेशकों को भेजी गई हैं। इस वेतन वृद्धि से कोल इंडिया की सभी खदानों में कार्यरत हजारों ठेका श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा। यूनियन नेताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि समय पर वेतन संशोधन से औद्योगिक शांति बनी रहेगी।
12 अप्रैल / मंथन मित्तल



