कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में पुलिस ने खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा हैं की 19 मार्च को दोपहर लगभग 3:30 से 4 बजे के बीच घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में कुछ लोग तेज और खतरनाक तरीके से गाड़ियां चला रहे थे, जिससे वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा को खतरा हो रहा था। शिकायत मिलने पर सिविल लाइन रामपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच में चार वाहनों के चालकों के खिलाफ केस दर्ज हुआ, जिनमें स्कॉर्पियो, बोलेरो, स्विफ्ट और थार शामिल हैं।
पुलिस ने इनमें से थार कार को जब्त कर लिया है और बाकी वाहनों की तलाश जारी है। सभी पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और खतरनाक ड्राइविंग से बचें। अगर कहीं ऐसी गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
21 मार्च / मंथन मित्तल



