* पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक कार्यकारिणी सूची अनुमोदित
कोरबा (मंथन) दीपक बैज छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (ग्रामीण) द्वारा पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक की नई कार्यकारिणी को आधिकारिक मंजूरी दे दी गई है। इस संबंध में जारी पत्र के अनुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भोला गोस्वामी द्वारा प्रस्तावित कार्यकारिणी सूची को प्रदेश स्तर से अनुमोदन प्राप्त हुआ है।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष मनोज चौहान की अनुशंसा और वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद यह सूची स्वीकृत की गई। अनुमोदन पत्र 31 मार्च को जारी करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इसकी सूचना देने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए गए हैं। जारी सूची में विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव और कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। सभी नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जिला स्तर पर इस निर्णय को संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई टीम के गठन से ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों में तेजी आने और आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।
01 अप्रैल / मंथन मित्तल



