* राताखार बाइपास रोड पर नगर निगम ने चलाया बुलडोजर
* मौके पर सीएसपी, कोतवाली टीआई और भारी पुलिस बल रहा तैनात
कोरबा (मंथन) कोरबा नगर निगम द्वारा अवैध अतिक्रमण और निर्माण के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी है। इसी कड़ी में सुबह-सुबह कोरबा अंचल अंतर्गत राताखार बाइपास रोड के पास नगर निगम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। निगम की इस कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, राताखार बाइपास रोड के पास किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर नगर निगम को शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसके बाद निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही की। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर और अन्य संसाधनों की मदद से अवैध निर्माण को हटाना शुरू किया।
उक्त कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर सीएसपी कोरबा, कोतवाली टीआई सहित भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यवाही को अंजाम दिया गया। पुलिस की मौजूदगी के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई।
नगर निगम की इस कार्यवाही को शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शासकीय भूमि, सड़क किनारे और सार्वजनिक उपयोग की जगहों पर किए गए अवैध निर्माण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में भी इस तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।
राताखार बाइपास रोड पर नगर निगम की इस कार्यवाही ने साफ कर दिया है कि अब अवैध अतिक्रमण और निर्माण के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है।
16 मार्च / मंथन मित्तल



