कोरबा (मंथन) कोरबा जिला के दर्री थाना क्षेत्र में होली पर्व के मद्देनजर दर्री पुलिस ने अग्रिम तैयारियां और रणनीति पर काम शुरू कर दिया हैं। इस कड़ी में क्षेत्र के डीजे संचालकों की बैठक ली गई। कई मुद्दों पर चर्चा के साथ कई निर्णय लिए गए।
दर्री टीआई आशीष सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दर्री पुलिस थाना अंतर्गत डीजे व्यवसाय से जुड़े संचालकों को परिसर में बुलवाकर संवाद किया गया। उन्हें बताया गया कि होली पर विभिन्न स्थानों में होने वाले कार्यक्रम में आप अपना व्यवसाय जरूर करें लेकिन इस दौरान नियम पालन का ध्यान रखा जाए। कहीं भी डीजे के शोरगुल से आम लोगों को बाधा उत्पन्न न हो। परीक्षा के दौर में यह त्यौहार आयोजित होना है, इसलिए प्रशासन की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देश का ख्याल रखा जाए। जिस अवधि के लिए आपको परमिशन मिली हुई है उसके बाद कहीं भी शोरशराबा जैसी स्थिति न रहे। पूरे काम को सुरक्षा के साए में किया जाए यह प्राथमिकता होनी चाहिए। डीजे पर होली से संबंधित गानों को बजाएं जरूर पर अश्लीलता और फूहड़ता वाली स्थिति से दूर रहें। ऐसे किसी भी मामले में कहीं से भी शिकायत प्राप्त होती है तो पुलिस निश्चित रूप से हस्तक्षेप के साथ कार्यवाही करेगी। इसमें अर्थदंड से लेकर जब्ती तक की कार्यवाही की जाएगी।
टीआई आशीष सिंह ने कहा कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत कहीं भी होली के नाम पर लोगों से जबरिया उगाही करने और उनका रास्ता रोकने के प्रकरणों में भी नजर रखी जा रही है। इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कार्य में संलिप्त तत्वों पर एक्शन लिया जाएगा।
21 फरवरी / मंथन मित्तल



