* पीएम कक्ष में लगा ताला
* कथित आरोपी के गिरफ्तारी की मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मॉर्चरी में शव पोस्टमार्टम के लिए लाए जाने पर कर्मचारी ने इंतजार करने को कहा तो तैश में आकर सरपंच बुजुर्ग कर्मचारी को बुरी तरह पीटा और सिर दीवार पर पटक दिया। गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कर्मचारी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में बुजुर्ग कर्मचारी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस घटना में गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। कथित आरोपी सरपंच पर तत्काल कार्यवाही की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है।
जानकारी के अनुसार एक युवक की कुएं में गिरने से मृत्यु हो गयी थी। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह लाया गया। वहां पहुंचे सरपंच ने कर्मचारियों से जल्दी पोस्टमार्टम करने की जिद की। काम में व्यस्त बुजुर्ग कर्मचारी ने इंतजार करने को कहा। इससे तैश में आकर सरपंच ने उसकी पिटाई कर दी। उसने बुजुर्ग कर्मचारी का सिर दीवार में भी पटक दिया था। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती था। जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक की बड़ी बेटी ने बताया कि पिता के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट हुई। इसी के चलते उनकी मृत्यु हुई है। उन्होंने कथित आरोपी सरपंच बेंद्रकोना निवासी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
इस मामले में विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी पोस्टमार्टम करने से मना कर रहे हैं। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया है। कर्मचारियों के अभाव में अन्य शवों का पोस्टमार्टम भी नहीं हो पा रहा है। जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि पुलिस को घटना दिनांक को ही अवगत करा दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है। परिजन कथित आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और उनसे बातचीत की जा रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और पुलिस बल भी तैनात किया गया है। सीएसपी चतुर्वेदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
06 अप्रैल / मंथन मित्तल



