* किया गया जनसेवा को समर्पित
* सामाजिक आयोजनों को मिलेगा नया आयाम
कोरबा (मंथन) कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास रोड स्थित अंजनीकुंज में नवनिर्मित अत्याधुनिक डोम शेड का भव्य लोकार्पण प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री सह कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा नगर निगम महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। यह डोम अब जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों को नई दिशा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 28, बुधवारी बाईपास स्थित अंजनीकुंज श्रीवास नाई समाज भवन परिसर में लगभग 30 लाख रुपए की लागत से इस विशाल डोम शेड का निर्माण कराया गया है। लोकार्पण अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं महापौर ने विधिवत पट्टिका का अनावरण किया और फीता काटकर इस सुविधा का शुभारंभ किया। साथ ही समिति द्वारा निर्मित कार्यालय भवन एवं व्यवसायिक परिसर का भी लोकार्पण किया।
* कोरबा के विकास में सर्व समाज की भागीदारी अहम : कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन
अपने उद्बोधन में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा ने एक छोटे ग्राम पंचायत से विकसित होकर आज ऊर्जा नगरी और जिले के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस विकास यात्रा में यहां निवासरत सभी समाजों के साथ-साथ श्रीवास नाई समाज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग गरीब, किसान, मजदूर, युवा एवं महिलाओं के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है और प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है।
उन्होंने कोरबा की जनता के स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे सदैव जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे और क्षेत्र के विकास हेतु हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।
* विकास के साथ जनसुविधाओं पर ध्यान : महापौर श्रीमती राजपूत
नगर निगम महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वार्डों और बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों पर भी निरंतर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने श्रीवास समाज को बधाई देते हुए कहा कि इस डोम के निर्माण से अब सामाजिक कार्यक्रमों, सभाओं और आयोजनों के लिए एक सुसज्जित एवं सुविधाजनक स्थल उपलब्ध हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा का विकास निरंतर गति पकड़ रहा है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि श्रीवास समाज सहित सभी समाजों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें सदैव मिलता रहा है, जिसके लिए वे आभारी हैं और समाजहित में निरंतर कार्य करते रहेंगे। इस अवसर पर श्रीवास नाई सामाजिक कल्याण समिति का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। समाज के लोगों ने मंत्री एवं महापौर का शाल-श्रीफल और महामाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई और सभी को शुभकामनाएं दीं।
24 मार्च / मंथन मित्तल



