* तीनों एजेंसियों में स्टॉक खत्म
कोरबा (मंथन) मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के चलते देश में एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। इसका असर अब कोरबा जिले में भी दिखाई देने लगा है। शहर की तीनों गैस एजेंसियों में गैस सिलेंडर का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो गया है। एजेंसियों में गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को खाली सिलेंडर लेकर बैरंग लौटना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार गैस एजेंसियों के दफ्तर और गोदाम तक बंद हो गए हैं। वहीं दूसरी ओर सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को भटकना पड़ रहा है। जिन परिवारों की रसोई में गैस खत्म हो चुकी है, उनके सामने खाना बनाने की समस्या खड़ी हो गई है।
उल्लेखनीय हैं की जिला प्रशासन ने जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध होने और किसी प्रकार की कमी नहीं होने का दावा किया था, लेकिन बॉटलिंग प्लांट से पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिलने के कारण शहर की सभी गैस एजेंसियों में स्टॉक खत्म हो गया है। गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच बुकिंग व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। मोबाइल कॉल और ऑनलाइन माध्यम से गैस बुकिंग की सुविधा ठप्प हो गई है। गैस कंपनियों के सर्वर डाउन होने से उपभोक्ता बुकिंग तक नहीं कर पा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार पेट्रोलियम कंपनियां एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल ने गैस एजेंसियों को फिलहाल सिलेंडरों की आपूर्ति की स्थिति सामान्य नहीं होने की जानकारी देते हुए नए सिलेंडरों की बुकिंग नहीं लेने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते एजेंसियों में पहुंचने वाले उपभोक्ताओं की बुकिंग भी रोक दी गई है। गैस नहीं मिलने से लोगों में चिंता बढ़ गई है।
16 मार्च / मंथन मित्तल



