कोरबा (मंथन) छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अधीन संचालित जूनियर क्लब की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। क्लब परिसर में नियमित साफ-सफाई नहीं होने तथा खेल गतिविधियों में व्यवधान की शिकायतें सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार बैडमिंटन खेलने आने वाले युवाओं को कई बार स्वयं ही कोर्ट और आसपास की सफाई करनी पड़ती है। खिलाड़ियों का कहना है कि परिसर में धूल और गंदगी रहने से खेल प्रभावित होता है और असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा यह भी आरोप है कि कई अवसरों पर बिना पूर्व सूचना के क्लब के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया जाता है, जिससे खेलने पहुंचे लोगों को वापस लौटना पड़ता है। इस स्थिति से खिलाड़ियों में असंतोष है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित प्रबंधन से नियमित साफ-सफाई, निर्धारित समय-सारणी और क्लब संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
17 फरवरी / मंथन मित्तल



