कोरबा (मंथन) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत दीपका खदान क्षेत्र में कार्यरत एक चालक की रात्री पहर ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान जीवराखन जांगड़े के रूप में की गयी हैं, जो एक निजी कंपनी में पिछले पांच वर्षों से कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार रात्री पहर खदान में कार्य के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें कैम्पर वाहन से फील्ड ऑफिस पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर परीक्षण उपरांत चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दीपका खदान में इसी महीने यह दूसरी घटना है। कुछ दिन पूर्व ही एक मुंशी की ट्रक की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। वह मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि दूसरी घटना ने खदान क्षेत्र में काम कर रहे श्रमिकों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।nघटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
लगातार हो रही घटनाओं को लेकर श्रमिकों में दहशत और चिंता देखने को मिल रही है। अब सभी की निगाहें प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हुई हैं।
18 मार्च / मंथन मित्तल



