कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में एक रसोइए पर नशे की हालत में छठी कक्षा के एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला कर देने का आरोप हैं।
बताया जा रहा हैं की उक्त घटित घटना के समय छात्रावास अधीक्षक अपनी ड्यूटी से नदारद थे, जिसका फायदा उठाते हुए कथित आरोपी ने मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में मासूम पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार छात्र की आंख के ठीक ऊपर लगा। गनीमत रही कि समय रहते छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों और छात्रावास के बच्चों से मिली जानकारी के अनुसार कथित आरोपी अक्सर बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करता था। उस पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, जिसके अंतर्गत बच्चों से डरा-धमकाकर पैसे वसूलना, छोटी-छोटी बातों पर मासूमों को प्रताड़ित करना आदि हैं। आरोप लगाते हुए बताया जा रहा हैं की अधीक्षक की अनुपस्थिति ने कथित आरोपी के हौसले बुलंद थे।
घटना पश्चात कटघोरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कथित आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी रोष है। उनकी मांग है कि केवल प्रतिबंधात्मक धाराओं में खानापूर्ति न की जाए, बल्कि आरोपी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो और उसे तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाए। साथ ही, ट्राइबल विभाग (आदिम जाति कल्याण विभाग) से मांग की गई है कि जिले के सभी छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट किया जाए ताकि भविष्य में किसी और को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
30 मार्च / मंथन मित्तल



