* काम के घंटे और वेतन को लेकर भरी हुंकार
कोरबा (मंथन) एनटीपीसी-कोरबा में ठेका कर्मियों ने काम के घंटे और वेतन को लेकर प्रदर्शन किया। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा बल की तैनाती रही। प्रदर्शनकारियों को अधिकारियो ने समझाइश दी। इस दौरान घंटों गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही। एनटीपीसी प्लांट के गेट नंबर 2 के पास बड़ी तादाद में ठेका मजदूर जमा हो गए। नाराज मजदूरों ने गेट जाम कर दिया।
कर्मियों ने बताया कि प्रबंधन और ठेका कंपनी की मनमानी से मजदूरों का लगातार शोषण हो रहा है। मजदूरों का आरोप है कि प्रबंधन और ठेकेदार के बीच आपसी सांठगांठ है। कर्मियों ने केन्द्रीयकृत वेतन दर और 8 घंटे ड्यूटी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि निर्धारित समयावधि से अधिक कार्य पर ओटी दिया जाए। सरकरा द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतनमान से उन्हें वंचित किया जा रहा है। प्रदर्शन को लेकर प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। मजदूरों से वार्ता कर मांगों के निराकरण का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि घंटों चले प्रदर्शन के बाद मामला आश्वासन पर शांत हुआ।
10 अप्रैल / मंथन मित्तल



