* संचालन एवं पर्यावरणीय प्रयासों की करी गहन समीक्षा
कोरबा (मंथन) कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम ने अपने एसईसीएल दौरे के अंतिम दिन रायगढ़ क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया, जिसमें उत्पादन, प्रेषण एवं पर्यावरणीय पहलों का विस्तृत अवलोकन किया गया। इस दौरान एसईसीएल सीएमडी हरीश दुहन, निदेशकगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ रहे।
दौरे की शुरुआत छाल साइलो के निरीक्षण से हुई। 6 मिलियन टन प्रति वर्ष क्षमता वाले इस साइलो का लोकार्पण प्रधानमंत्री द्वारा फरवरी 2024 में किया गया था। 3000 टन क्षमता के साइलो एवं 10,000 टन क्षमता के बंकर के साथ स्थापित इस प्रणाली में 3×120 टन के TRS के माध्यम से वर्तमान में प्रतिदिन 3-4 रेक लोड किए जा रहे हैं। चेयरमैन ने कोयला परिवहन एवं इवैक्यूएशन व्यवस्था की समीक्षा करी।
इसके पश्चात छाल खदान का निरीक्षण किया गया, जहां चालू वित्तीय वर्ष में 6.3 मिलियन टन उत्पादन दर्ज किया गया है तथा 8.4 मिलियन टन क्षमता की दिशा में कार्य जारी है। शीघ्र ही 7.2 मिलियन टन की पर्यावरण स्वीकृति प्राप्त होने की संभावना है। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ठेका श्रमिकों को सम्मानित किया गया।
चेयरमैन ने सीईआरएल रेल कॉरिडोर के कमीशंड सेक्शन का भी निरीक्षण किया तथा इस मार्ग पर भविष्य में यातायात बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयासों पर बल दिया। उन्होंने कॉरिडोर में निर्मित एलिफेंट पास एवं 6 वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का अवलोकन करते हुए कहा कि यह पहलें कोयला परिवहन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती हैं।
दौरे के दौरान बरौद खदान में साइलो, मियावाकी प्लांटेशन एवं व्यू पॉइंट से खनन गतिविधियों का निरीक्षण किया। यहां भी ठेका श्रमिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही, चेयरमैन ने एक कैंप का दौरा कर नीम के पौधे रोपित किए। खदान निरीक्षण के पश्चात बी. साईंराम ने रायगढ़ में क्षेत्र के सभी सब एरिया मैनेजर से बात की एवं संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
06 अप्रैल / मंथन मित्तल



