* मौके पर मची अफरा-तफरी
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के ग्राम धतुरा में गत रात्रि लगभग 12:00 बजे एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक ट्रैलर को एक अज्ञात भारी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैलर चालक वाहन के अंदर फंस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा घटना की सूचना तत्काल थाना हरदीबाजार को दी गई। सूचना मिलते ही थाना हरदीबाजार पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा हैं कि टक्कर के कारण ट्रैलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और चालक गंभीर रूप से उसमे फंसा हुआ था।
पुलिस स्टाफ, डायल 112 कर्मियों तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से दीपका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया था जो कई किलोमीटर तक फैला हुआ था। थाना हरदीबाजार पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को साफ कर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी हरदीबाजार, डायल 112 टीम और स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
12 अप्रैल / मंथन मित्तल



