* महापौर ने सौंपे स्वीकृति व निर्माण अनुज्ञा पत्र
कोरबा (मंथन) कोरबा शहर के जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी सौगात देते हुए कोरबा नगर निगम महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत “मोर जमीन-मोर मकान” बी.एल.सी. घटक के तहत 138 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान किए। यह कार्यक्रम नगर निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत परिसर में आयोजित किया गया, जहां हितग्राहियों के चेहरों पर अपने घर के सपने के साकार होने की खुशी साफ झलक रही थी।
महापौर श्रीमती राजपूत ने हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना केवल मकान नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने हितग्राहियों से समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ कर उसे पूर्ण करने का आग्रह किया, ताकि वे शीघ्र ही अपने पक्के घर में निवास कर सकें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर निगम कोरबा क्षेत्र में अब तक 3582 हितग्राहियों को आवास की स्वीकृति मिल चुकी है। यह योजना देश के गरीब, जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
महापौर श्रीमती संजुदेवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ देशभर में करोड़ों लोगों को मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में आवास योजनाओं को तेज गति से क्रियान्वित किया जा रहा है, जिससे हर व्यक्ति के अपने घर का सपना साकार हो सके।
उन्होंने हितग्राहियों को सचेत करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति निर्माण कार्य के नाम पर किसी प्रकार की राशि की मांग करता है या गुमराह करता है, तो तत्काल अपने वार्ड पार्षद या निगम अधिकारियों से संपर्क करें। प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
* ढाई लाख रुपये की मिलेगी सहायता राशि
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत प्रत्येक हितग्राही को आवास निर्माण के लिए कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि चार किस्तों में दी जाएगी, प्रथम किस्त 63 हजार रुपये, द्वितीय किस्त 87 हजार रुपये, तृतीय किस्त 65 हजार रुपये एवं चतुर्थ किस्त 35 हजार रुपये होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि हितग्राही 18 माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर लेते हैं, तो उन्हें मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत अतिरिक्त 32,850 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
07 अप्रैल / मंथन मित्तल



